ढोल- नगाड़ों के साथ होली का जश्न, जमकर थिरके युवा

महासमुंद। रंगों का त्योहार होली इस साल जिले में शांतिपूर्ण, हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर के चौक चौराहे, गली मोहल्ले में लोग रंग-गुलाल के साथ होली के रंग बिरंगी में रंगों में सराबोर नजर आए। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।
होली के दिन शहर के विभिन्न क्षेत्र में युवाओं और बच्चों में ज्यादा उत्साह रहा। ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने जमकर डांस किया और रंग-गुलाल उड़ाया। कई स्थानों पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां बांटी। वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पारंपरिक तरीके से होली मनाई गई। गांवों में लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर गुलाल लगाया और होली की बधाई दी और पारंपरिक फाग गीत गाकर पर्व की खुशियां मनाईं। तो दूसरी ओर होली को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी निगाहें जमाएं रही। जिले में करीब 350 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहे। इनमें 30 आर्म्स फोर्स के जवान के साथ एडी स्क्वॉड बनाई गई। इनमें एक टीम में 8-10 जवान तैयार रहे। इसी तरह पेट्रोलिंग के लिए 17 टीम बनाई गई, जो एक्टिविटी पर नजर रखी थी। पुलिस ने शहर के तुमगांव चौक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, देवार मोहल्ला, बरोंडा चौक, बागबाहरा रोड, नेहरु चौक, लोहिया चौक, रायपुर रोड, अंबेडकर चौक, गांधी चौक पर विशेष तौर पेट्रोलिंग टीम दिनभर घूमती रही। होली पर्व पर जिलेभर में एकाध छोटी- मोटी घटनाओं को छोड़कर शांति पूर्ण मनाया गया।