होली त्योहार से पहले बाजार हुआ गुलजार
हाई-टेक पिचकारियां आकर्षण का केंद्र
महासमुंद। होली इस बार नगरवासियों के लिए खास होने वाली है। अब हर कोई बस इंतजार कर रहा है उस दिन का, जब पूरा शहर रंगों में सराबोर होकर एक-दूसरे को गले लगाकर कहेगा-‘बुरा न मानो, होली है! रंगों का पावन पर्व होली 4 मार्च को मनाई जाएगी लेकिन अभी से शहर में इसकी ख़ुमारी अभी से दिखाई देने लगा है।
बता दें कि रंगों के इस त्यौहार को लेकर गलियों से लेकर मुख्य बाजारों तक रंग, गुलाल और उमंग की बहार छाई हुई है। शहर के स्वामी चौक, नेहरू चौक, तहसील चौक और बारोंडा चौक जैसे प्रमुख चौक-चौराहों के अलावा बाजार अंदर व्यापारिक केंद्रों में होली का बाजार पूरी रौनक के साथ सज चुका है। हर ओर रंगों की खुशबू, पिचकारियों की चमक आगामी होली त्योहार के लिए उत्साह बना रही है। इस बार बाजार में परंपरा और तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। खासकर इलेक्ट्रॉनिक गन पिचकारियों ने बच्चों और युवाओं के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। बटन दबाते ही तेज बौछार करने वाली ये हाई-टेक पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनकी कीमत 450 रुपये से शुरू होकर 1200 रुपये तक जा रही है। वहीं बजट का ध्यान रखने वालों के लिए 30 रुपये से 500 रुपये तक की सामान्य पिचकारियां भी उपलब्ध हैं, जिससे हर वर्ग के लोग होली का आनंद ले सकें।बच्चों को लुभाने के लिए बाजार में शेर, भालू, बंदर, बिल्ली और लोमड़ी जैसे वन्यजीवों के मुखौटे तो हैं ही, साथ ही लोकप्रिय कार्टून पात्रों के मुखौटे भी खूब बिक रहे हैं। ये मुखौटे बच्चों को होली के रंग में और भी मस्ती से सराबोर कर रहे हैं।
संदेशों से सजी टी-शर्ट
बाजार में आधुनिकता के साथ परंपरा की झलक भी दिखाई दे रही है। वीणा, सारंगी और तानपुरा की आकृति वाली आकर्षक पिचकारियां लोगों को खूब भा रही हैं। ये न केवल देखने में सुंदर हैं, बल्कि होली खेलने के अनुभव को भी खास बना रही हैं। इस बार विशेष गुलाल सिलेंडर भी बाजार में उपलब्ध हैं। इनमें 1 से 5 किलो तक गुलाल भरा जा सकता है, जिसे एक झटके में हवा में उड़ाकर रंगों की बारिश की जा सकती है। सफेद रंग की खास होली टी-शर्ट भी युवाओं के बीच खासा आकर्षण बटोर रही हैं। ‘होली मुबारक’ और ‘बुरा न मानो होली है’ जैसे संदेशों से सजी ये टी-शर्ट पूरी तरह वॉशेबल हैं, जिससे होली के बाद भी इन्हें दोबारा पहना जा सकता है।
रंग-बिरंगे विग और टोपियां भी
रंगों से बालों को सुरक्षित रखने के लिए रंग-बिरंगे हेयर विग और फैंसी टोपियों की मांग भी बढ़ गई है। काले विग की जगह अब नीले, हरे और गुलाबी रंग के विग युवाओं की पहली पसंद बन गए हैं। साथ ही राजस्थानी पगड़ी और आकर्षक टोपियां बाजार की शोभा बढ़ा रही हैं। दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे होली की तारीख नजदीक आएगी, ग्राहकों की भीड़ और बढ़ेगी। फिलहाल बाजार में इलेक्ट्रॉनिक पिचकारियों और यूनिक गैजेट्स ने होली को हाई-टेक अंदाज दे दिया है, जिससे इस बार रंगों का यह त्योहार और भी यादगार बनने जा रहा है।
