चोरी किए ट्रैक्टर -ट्रॉली बरामद, आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। बलौदा पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम पालीडीह निवासी सनमत बारीक ने बलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी को उन्होंने अपना आयशर ट्रैक्टर (क्रमांक सीजी 06 ई 3610) को काम के बाद बाड़ा (ब्यारा) में खड़ा किया था। अगली सुबह जब वे वहां पहुंचा, तो ट्रैक्टर और ट्रॉली नहीं थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस ने जांच तेज की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अर्जुंडा के पास एक संदिग्ध युवक ट्रैक्टर बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी युवक ग्राम कनपला निवासी निराकार उर्फ दलदल नेताम को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार करते हुए ट्रैक्टर और ट्रॉली को कोटद्वारी के जंगल में छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से ट्रैक्टर -ट्रॉली बरामद कर लिया है।