मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा, समर्पण और जनसंपर्क के विविध कार्यक्रमों का आयोजन

महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 62वें जन्मदिवस पर महासमुंद जिले में भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा सेवा, समर्पण और जनसंपर्क के विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमन वर्मा तथा नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी के नेतृत्व में शनिवार को स्थानीय जिला अस्पताल परिसर में सुबह 11 बजे ‘हितग्राही संपर्क एवं सम्मान अभियान’ का आयोजन किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सादगीपूर्ण जीवन और अंत्योदय का संकल्प ही सरकार की पहचान है। उन्होंने कहा आज हम केवल जन्मदिन नहीं मना रहे, बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की सेवा का संकल्प दोहरा रहे हैं। छत्तीसगढ़ उनके नेतृत्व में सुशासन की नई इबारत लिख रहा है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि अल्प समय में मुख्यमंत्री ने विकास की रफ्तार को नई दिशा दी है। ‘साय सरकार’ की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा महतारी वंदन से लेकर आवास योजना तक, हर योजना में जनहित सर्वोपरि है। हम उनके दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमन वर्मा ने बताया कि युवा मोर्चा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पूरे जिले में सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में हितग्राहियों का सम्मान कर जो संतोष मिला, वही मुख्यमंत्री के लिए सच्चा उपहार है। युवा मोर्चा सरकार की जनहितैषी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
कार्यक्रम प्रभारी राकेश सचदेव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सम्मानित करना रहा। अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच फल वितरण, तिलक और पुष्पमालाओं के माध्यम से सम्मान कर जन्मदिन को सेवा पर्व के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना तथा महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से संपर्क कर उनका सम्मान किया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। समापन अवसर पर उपस्थित जनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, राजू चंद्राकर, अरविंद प्रहरे, आनंद साहू, प्रकाश शर्मा, पंकज चंद्राकर, गोपाल प्रधान, डोमार तांडी, आयुष दुबे, देवांश ठाकुर, लिलेश साहू, धर्मेंद्र महोबिया, भगवती करकसे, गीतिका सोनी, शरद मराठा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा मोर्चा के नेता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।