बसना–पदमपुर अंतरराज्यीय मार्ग बदहाल, गड्ढों में तब्दील सड़क बनी हादसों का कारण

सभापति प्रकाश सिन्हा ने कलेक्टर से की शीघ्र मरम्मत की मांग
महासमुंद। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत बसना से पदमपुर (ओडिशा अंतराज्यीय सीमा) को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों अत्यधिक जर्जर एवं खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े एवं गहरे गड्ढों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
यह मार्ग कालकासा, अंकोरी, अंकोरी टांडा मार्ग एवं पलसपाली (अ) सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ता है। इन क्षेत्रों से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, किसान, मजदूर, मरीज तथा दोपहिया-चारपहिया एवं भारी वाहन आवाजाही करते हैं। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क की बदहाल स्थिति के चलते कई बार दुर्घटनाएँ घटित हो चुकी हैं। विशेषकर रात्रिकाल एवं वर्षा ऋतु में गड्ढे दिखाई न देने से हादसों की आशंका और अधिक बढ़ जाती है, जिससे आमजन में भय का माहौल है। इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी, प्रकाश कुमार सिन्हा ने जिला कलेक्टर महासमुंद को आवेदन सौंपते हुए तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह विषय केवल सड़क की दुर्दशा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर जनसुरक्षा से जुड़ा हुआ मामला है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो किसी बड़ी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता।
महासमुंद कलेक्टर से की शिकायत
प्रकाश सिन्हा ने कलेक्टर महासमुंद को 06 फरवरी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि संबंधित लोक निर्माण विभाग को निर्देशित कर गड्ढों की तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित एवं सुचारु हो सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन से संबंधित कार्य एजेंसी के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करने की भी मांग की है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।