जिले के खिलाड़ियों ने पैरा एथलेटिक्स में जीते 57 पदक

राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स में खिलाड़ियों का रहा बेहतर प्रदर्शन
महासमुंद। 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता 29-30 जनवरी, कृषि महाविद्यालय जोरा, रायपुर में जिले के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 57 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले के 25 खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे और समाज कल्याण अधिकारी संगीता सिंह ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ईश्वरी निषाद का स्वर्णिम प्रदर्शन सीनियर महिला टी-11 वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ईश्वरी निषाद ने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में नोशन लाल पटेल 400, 800 और 1500 मीटर में प्रथम, सुमित भोई 100 मीटर, तवा फेंक और गोला फेंक में प्रथम, ईशान भोई 200 मीटर प्रथम, 400 व 800 मीटर द्वितीय, कुसुम प्रधान 100 मीटर व लंबीकूद में प्रथम, ज्योति निषाद 100 व 200 मीटर प्रथम, लंबीकूद द्वितीय,सोनम सबर 400 व 800 मीटर प्रथम, 200 मीटर द्वितीय, नीलम टंडन लंबीकूद प्रथम व 400 मीटर द्वितीय, ओमप्रकाश तांडी 100 व 200 मीटर प्रथम व गोला फेंक में द्वितीय, लक्की यादव 400, 800 और 1500 मीटर में प्रथम, निकेत साहू भालाफेंक में प्रथम, उमाशंकर पटेल लंबीकूद में प्रथम व गोला फेंक में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा कई अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिलाध्यक्ष येतराम साहू, देवीचंद राठी सहित कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने बधाई दी। पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष निरंजन साहू ने कलेक्टर से मुलाकात कर खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए वन परिसर में बने सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक पर नियमित अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं सांसद रूप कुमारी चौधरी ने खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।