भाजपा सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं दे पाने में पूरी तरह नाकाम: द्वारिकाधीश
रेवा मोंगरपाली-बिहाझर सड़क के लिए कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेवा मोंगरपाली से बिहाझर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर शनिवार को मुनगासेर में कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रेवा मोंगरपाली से बिहाझर तक सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन लगातार ध्यान आकर्षित कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह आंदोलन किया गया। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कराया जा चुका है और उन्होंने स्वयं वित्त मंत्री को पत्र लिखकर प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो वर्ष के अंदर प्रशासकीय स्वीकृति देने की नीति होने के बावजूद सरकार इस मामले में अनावश्यक विलंब कर रही है। इस संबंध में विधानसभा में भी याचिका प्रस्तुत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। विधायक श्री यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने धान खरीदी के मुद्दे पर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। इस दौरान कोमाखान अध्यक्ष खेमराज सिन्हा, बागबाहरा अध्यक्ष देवनाथ साहू, सुंदर लाल साहू, सालिक राम चंद्राकर, चंद्रहास साहू, फुलसिंग ध्रुव, शहनाज पाशा, संतोष पटेल, किशोर चतुर्वेदी, दुर्गा सागर, सविता ठाकुर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
12 के बजाय 2 सड़कों को मिली स्वीकृति
जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि खल्लारी विधानसभा क्षेत्र की 12 प्रस्तावित सड़कों में से 10 का निर्माण कार्य अभी भी लंबित है, जबकि केवल दो सड़कों पर अग्रिम कार्रवाई की गई है। उन्होंने इसे सरकार की उदासीनता का उदाहरण बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति नहीं दी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में एसडीएम कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय का घेराव, साथ ही बाइक रैली निकालकर रायपुर में मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
