धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोकथाम करने की जा रही है पुख्ता प्रबंध

व्यापारियों के दुकानों एवं गोदामों के अलावा राईसमिलों की जा रही है सघन जाँच
बालोद, 24 दिसम्बर 2025/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बालोद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के अंतर्गत धान की अवैध खरीदी बिक्री पर रोकथाम सुनिश्चित करने के अलावा धान खरीदी केन्द्रों से धान की समुचित उठाव हेतु भी समुचित उपाय सुनिश्चित किए जा रहे है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी के अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा थोक एवं फुटकर व्यापारियों के दुकानों एवं गोदामों के अलावा राईसमिलों की भी नियमित रूप से जाँच की जा रही है। इसके अंतर्गत आज एसडीएम गुरूर  आरके सोनकर एवं तहसीलदार  हनुमंत श्याम द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों के द्वारा गुरूर विकासखण्ड के राईस मिलों का निरीक्षण कर राईस मिलों में धान की उपलब्धता एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुरूर  आरके सोनकर ने बताया कि आज उनके द्वारा बिदामी फूड राईसमिल पलारी के निरीक्षण के दौरान राईसमिल में लगभग 20950 कट्टा धान एवं 1740 क्विंटल चावल पाया गया। उन्होंने बताया कि राईसमिल संचालक के द्वारा 04 लाट चावल भारतीय खाद्य निगम में भेजे जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय खाद्य निगम में भेजे गए 04 लाट चावल का दस्तावेज उलपब्ध नही है। श्री सोनकर ने बताया कि राईसमिल के भौतिक सत्यापन के दौरान राईसमिल संचालक द्वारा बताए गए जानकारी सही पाया गया। इसी तरह तहसीलदार गुरूर  हनुमंत श्याम द्वारा भगवती राईसमिल का निरीक्षण कर राईसमिल में उलपब्ध धान की मात्रा एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जरूरी सत्यापन किया। भगवती राईसमिल के निरीक्षण के दौरान कि राईसमिल के संचालक  बलराम अग्रवाल ने बताया कि राईसमिल द्वारा शासकीय धान का मीलिंग पूर्ण रूप से किया जा चूका है। अधिकारियों ने भौतिक सत्यापन स्टाॅक पंजी का मिलान कर इसका भौतिक सत्यापन भी किया। तहसीलदार श्री श्याम ने बताया कि अधिकारियों द्वारा आॅनलाईन मंडी पोर्टल की जांच करने पर राईसमिल संचालक द्वारा 3900.53 क्विंटल निजी धान नीलामी में खरीदी करने की जानकारी प्राप्त हुई। अधिकारियों द्वारा उक्त धान का भौतिक सत्यापन भी किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आॅनलाईन पोर्टल से राईसमिल में रखे गए शासकीय धान का मिलान भी किया। जाँच के दौरान नायब तहसीलदार  रमेश मण्डावी एवं कृषि उपज मंडी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।