राष्ट्रीय जंबूरी- लखनऊ में छत्तीसगढ़ ने लहराया परचम
महासमुंद। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी लखनऊ (उप्र) में आयोजित किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के 363 प्रतिभागियों का दल स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा तथा राज्य सचिव जितेंद्र कुमार साहू, राज्य आयुक्त रोवर अशोक कुमार देशमुख के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य ने श्रेष्ठता का परचम लहराया। छत्तीसगढ़ जंबूरी दल ने राज्य प्रदर्शनी, एथनिक फैशन शो, पेजेंट शो (झांकी प्रदर्शन), कलर पार्टी, फिजिकल डिस्प्ले, मार्चपास्ट, कैंपफायर-रंगोली (गाइड विंग) में ए ग्रेड, तथा कैंप क्रॉफ्ट, स्टेट गेट(स्काउट-गाइड में अलग-अलग) फूड प्लाजा, फोक डांस, कैंपफायर में बी ग्रेड, तथा पायनियरिंग प्रोजेक्ट (स्काउट विंग में) में सी ग्रेड प्राप्त किया। इस तरह 8 इवेंट में ए, 7 में बी, 1 में सी कुल 16 ग्रेड का सर्टिफिकेट व फ्लेग प्राप्त कर छत्तीसगढ़ राज्य ने, अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ की मड़ई, राऊत नाचा व घोड़े पर नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। लखनऊ की सड़कों पर यूनिटी मार्च/रूट मार्च अंतर्गत आकर्षक छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में गीत, नृत्य व नारों से छत्तीसगढ़ की टीम ने लखनऊ वासियों को राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए दिल जीत लिया। इस कार्य को एनएचक्यू मेंबर्स ने भी सराहा। यूनिटी मार्च में छत्तीसगढ़ राज्य ने पूरे समय रूट मार्च का नेतृत्व किया। बस्तर संभाग के कला,संस्कृति को प्रदर्शित करता ऐथेनिक फैशन शो तथा मोरिया ददा रे की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने सब का मन को मोह लिया।
जंबूरी के समापन पर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के सम्मुख छत्तीसगढ़ राज्य की बैलगाड़ी प्रदर्शित हुई व कबीला नृत्य ने गौरवान्वित किया। वहीं पेजेण्ट शो (झांकी प्रदर्शन) में छत्तीसगढ़ महतारी, मिनीमाता, बिलासा देवी, गुरु घासीदास, गुण्डाधुर, तीजनबाई का वेष धारण कर प्रदर्शन से तथा आंगा देव, माई की पालकी, सरगुजा नृत्य, पंथी नृत्य, गौरा-गौरी नृत्य, सुवा नृत्य, जशपुर नृत्य, राऊत नाचा, कबीला नृत्य, की प्रस्तुति खूब सराही गई। एरीना में होरे-होरे लोकनृत्य ने सभी को झूमने मजबूर कर दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत-जोशीले अंदाज में फिजीकल डिस्प्ले ने रोमांचित कर दिया। फुड प्लाजा अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य के खान-पान, छत्तीसगढ़ प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ राज्य के अनाज, वस्त्र, खनिज, वेशभूषा, छत्तीसगढ़ नक्शे में धार्मिक स्थलों की प्रस्तुति आकर्षक रही। कलर पार्टी व मार्च पास्ट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, सब कैंप में लोकनृत्य सुवा नृत्य, पंथी नृत्य कार्यक्रम ने रंग जमा दिया। स्काउट विंग के कंटीजेंट लीडर डॉ.पूनम सिंह साहू, सहायक कंटीजेंट लीडर अमित क्षत्रिय तथा गाइड विंग की कंटीजेंट लीडर सरिता पांडेय व सहायक कंटीजेंट लीडर जेरेमिना एक्का ने छत्तीसगढ़ की सर्वाधिक युवा लीडर टीम को प्रतियोगिता व जंबूरी के लिए कुशल प्रबंधन व नेतृत्व प्रदान किया तथा प्रात: जागरण से लेकर, टैंट पीचिंग, टैंट गेट बनाकर, एडवेंचर, ग्लोबल विलेज, स्कील-ओ-रामा, पेट्रोल इन कौंसिल में सशक्त भागीदारी की। छत्तीसगढ़ डे राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त केके खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य में धूमधाम से मनाया गया। छत्तीसगढ़ राज्य के 363 प्रतिभागियों में युवा नेतृत्वकतार्ओं ने बेहतरीन मार्गदर्शन के बलबूते श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कला, संस्कृति, सांस्कृतिक धरोहर, परिधान से अपनी गौरवशाली पहचान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बनाने में कामयाब रहा। उल्लेखनीय है कि इस जंबूरी में भारत के विभिन्न राज्यों सहित श्रीलंका, सऊदी अरब, नेपाल, बांग्लादेश व अन्य विदेशी टीम भी शिरकत की। उक्त जानकारी कंटीजेंट लीडर पूनम सिंह साहू ने दी।
