कार ने मारी ठोकर, बाइक सवार की मौत
महसमुंद। नेशनल हाईवे 53 पर भंवरपुर मोड से आगे एक अर्टिका कार ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। सड़क दुर्घटना में बाइक कार में फंस गयी और लगभग सात किलोमीटर दूर टोल प्लाजा तक पहुंच गई और जब टोल प्लाजा के पास कार का रेडिएटर फट गया तब चालक कार छोड़कर भाग गया। मामले में बसना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पौसरा निवासी शंकर दास (40) बाइक क्रमांक सीजी 11 सीडी 1817 से बसना से अपने गांव ग्राम पौसरा लौट रहा था। इसी दौरान भंवरपुर मोड़ से आगे राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर पीछे से आ रही आर्टिगा कार क्रमांक सीजी 06 जी एन 8311 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाही पूर्वक कार को चलाते हुए बाइक को पीछे से ठोकर मार दी। कार की ठोकर से बाउक सवार शंकर दास दूर जा गिरा। ठोकर के दौरान बाइक कार के बोनट में फंस गयी। लेकिन कार चालक ने बाइक को हटाने की बजाय वह कार को भगाते हुए लगभग 7 किलोमीटर दूर छुईपाली टोल प्लाजा तक पहुंच गया। जब कार का रेडिएटर फटा तो वह टोल प्लाजा के पास जाकर रुक गई । जहाँ चालक कार छोड़कर भाग गया। घटना में बाइक सवार शंकर को सीने, सिर एवं अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आने से उसकी मौके ही पर मौत हो गयी। जिसे राहगीरों ने देखा और परिजनों को इसकी सूचना दी।
