बिरकोनी में भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ग्राम बिरकोनी में भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसमें बिरकोनी में प्रस्तावित महतारी सदन के भूमिपूजन, अलग-अलग वार्डों में सीसी रोड एवं स्कूल के अहाता निर्माण कार्य का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बता दें कि महासमुंद विधानसभा अंतर्गत अब तक कुल 5 ग्रामों में महतारी सदन को स्वीकृति मिल चुकी है। गुरुवार को ग्राम बिरकोनी में प्रस्तावित महतारी सदन के लिए भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के ग्राम पंचायतों में बनने जा रहा महतारी सदन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रयास है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को रोजगार दिलाने और उनको काम काज के लिए स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार गांवों में महतारी सदन बना रही है। उन्होंने उपस्थित माताओं बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी इस योजना का लाभ अवश्य लेवें। आप सभी के लिए आपके गांव में ही रोजगार की सुविधा मिलने वाली है। उन्होंने वार्ड क्रमांक 18 में 5 लाख रुपए की लागत, वार्ड क्रमांक 19 में 5 लाख रुपए की लागत तथा वार्ड क्रमांक 20 में 15 लाख रुपए से बनने वाले सीसी रोड का लोकार्पण किया। इसके अलावा स्कूल के अहाता निर्माण का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में विकास की गति लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष तेजेंद्र शर्मा, भाजपा नेता पवन पटेल, राजेंद्र चंद्राकर, मंडी अध्यक्ष तुलस साहू, ग्राम सरपंच चंदन चंद्राकर, उप सरपंच गिरीश चंद्राकर, टोहल साहू, शरद मराठा, जगदीश चंद्राकर, दौलत चंद्राकर, तेजेश्वर साहू, ताम्रध्वज निषाद, बुधारु निषाद, शत्रुहन यादव, तुकाराम साहू सहित अन्य उपस्थित थें।
