उच्च वर्ग शिक्षकों से प्रधानपाठक व व्याख्याता के पद भरे जाने की मांग

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ महासमुंद के प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य पदोन्नति पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव व शासन के प्रति आभार जताते हुए प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला व व्याख्याता के पद पर उच्च वर्ग शिक्षकों से शीघ्र भरे जाने की मांग की। संघ के जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि शिक्षा मंत्री को अवगत कराया गया कि वर्तमान में शिक्षकों से गैर शिक्षकीय कार्यों की भरमार हो गई है। अभी विगत एक महीने से विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इससे शिक्षक अपने मूल कार्य से वंचित हो गए हैं। संघ ने शिक्षकों से सभी प्रकार के गैर शिक्षकीय कार्यों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। शिक्षा मंत्री ने उपरोक्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया। संघ ने यह भी कहा कि पिछले दिनों युक्तियुक्तकरण के अंतर्गत बड़ी संख्या में शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया था। इसमें कुछ संकुल समन्वयकों का नाम भी शामिल है, जिन्होने स्थानांतरित शाला में कार्यभार ग्रहण तो किया है, पर आज पर्यंत नए संकुल समन्वयकों की नियुक्ति न होने से अपने पूर्व स्थान पर संकुल समन्वयक के पद पर कार्य कर रहे हैं। शीघ्र ही संकुल समन्वयकों की नियुक्ति कर स्थानांतरित शाला में उन्हें भेजने की मांग की गई, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षण कार्य प्रभावित न हो।