जिला जेल सुकमा का न्यायाधीशों के द्वारा संयुक्त निरीक्षण
साक्षरता प्रमाणपत्र का वितरण
सुकमा, 08 दिसंबर 2025/जिला जेल सुकमा में आज माननीय संतोष कुमार आदित्य, जिला एवं सत्र न्यायाधीश दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, माननीय मोहन प्रसाद गुप्ता, प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, माननीय रमेश कुमार चौहान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुकमा एवं माननीय आनंद दीप तिर्की, सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान माननीय न्यायाधीशों ने बंदी बैरकों का भ्रमण करते हुए बंदियों से उनके केश सम्बन्धी समस्याओं, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य उपलब्ध सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही जेल की पाकशाला, अस्पताल, पाठशाला, चिकित्सा एवं मनोरंजन सुविधाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। जेल परिसर की स्वच्छता व्यवस्था देखकर न्यायाधीशों ने संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।
जेल में वर्ष 2024 में जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी एवं साक्षरता कार्यक्रम प्रभारी सुकमा के सहयोग से ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ के अंतर्गत साक्षर हुए 70 बंदियों को माननीय न्यायाधीशों द्वारा गुलाब पुष्प के साथ प्रमाणपत्र वितरित किए गए, जिससे बंदियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 100 निराक्षर बंदियों द्वारा आज महापरीक्षा दी गई। इस महापरीक्षा का सफल संचालन पुरन नवरत्न, साक्षरता कार्यक्रम अधिकारी, नवीन जॉन, साक्षरता प्रभारी, भीखम लाल नेताम, केन्द्राध्यक्ष, ऐशकुमार चकधारी, पर्यवेक्षक एवं प्रभुदास कश्यप, शिक्षा दूत के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राजेश कुमर बिसेन, सहायक जेल अधीक्षक, शिवानंद तिवारी (टी.आई. सुकमा), भीमा कवासी, निज सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण दन्तेवाड़ा, टिकेश्वर सिंह ध्रुव, मुख्य प्रहरी, रमेश नेताम, गोविन्दराम साहु, मुख्य प्रहरी, फग्गुराम ध्रुव, संतोष कुमार साहु, गन्नुराम दुग्गा, प्रहरी एवं समस्त जेल स्टॉफ उपस्थित थे।
