अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी ने किया जेल का निरीक्षण
भोजन व्यवस्था सहित चिकित्सकीय सुविधाओं का लिया जायजा
महासमुंद। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी द्वारा आज बेमचा स्थित जिला जेल का निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महासमुंद, (छ.ग.) की सचिव श्रीमती आफरीन बानो ने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा रिट याचिका क्रमांक डब्लू.पी.पी.आई.एल 11/2013 में पारित आदेश दिनांक 15.दिसंबर 2021 में प्रदत्त आदेशानुसार एवं छ.ग. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में बेमचा स्थित जिला जेल में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के पदाधिकारों द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती अनिता डहरिया, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद सुश्री चेतना ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय द्वारा बंदियों को दी जाने वाली विधिक सहायता, जेल में स्थापित व्हीसी कक्ष, बैरकों की व्यवस्था, जेल बिल्डिंग की व्यवस्था, नए बैरको का निर्माण, मुलाकात कक्ष, जेल विस्तारीकरण हेतु जमीन हस्तांतरण, बंदियों को प्रदत्त सुविधा, टायलेट की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, बंदियों के कपड़ो की दशा, पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ बंदियों को दी जा रही प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था आदि का भी जायजा लिया। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी द्वारा बंदियों से प्रत्यक्ष रूप से जेल में उनके रहन-सहन, दिए जाने वाली औपचारिक सुविधा तथा न्यायालय में लंबित उनके प्रकरण तथा उनके अधिवक्ता तथा उनके समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा नवनिर्मित अतिरिक्त बैरको का भी जायजा लिया गया। कमेटी के निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री अक्षा गुप्ता, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियदर्शन गोस्वामी एवं आदित्य जैन, तहसीलदार जुगल किशोर, जेल अधीक्षक मुकेश कुशवाह, जेल चिकित्सा अधिकारी महेन्द्र चैधरी, थाना प्रथारी शरद दुबे सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी -कर्मचारीगण उपस्थित थे।
