ऑनलाइन जुआ में रकम दोगुना होने के लालच में 15 लाख रुपए गंवाया
महासमुंद। रकम दोगुना होने के लालच में क्रिकेट ऐप में ऑनलाइन जुआ खेलकर एक व्यक्ति ने 15 लाख रुपए गंवा दिया। मामले में ऑनलाइन जुआ संचालन करने वाले तीन लोगों के खिलाफ बसना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
पुलिस को बसना निवासी पुष्पा पुष्टी ने बताया उनके पति अरूण पुष्टी की शहीद वीर नारायण सिंह चौक मेन रोड बसना में डेली नीड्स व चाय की दुकान है। उनके पति अरूण पुष्टी ने उसे बताया कि मेरे जान पहचान के बसना निवासी अजीज खान चाय दुकान में आया और बोला कि आॅनलाइन क्रिकेट में पैसा लगाओगे तो ज्यादा से ज्यादा फायदा होगा। उनके कहने पर उन्होंने शुरू-शुरू में कुछ पैसे दिए। जिस पर जीत गये हो कहकर उन्हें दोगुना पैसा वापस किया। आगे चलकर अजीज खान, आदिल खान, सद्दाम हुसैन उर्फ मोनू व उसके भाई ने अरूण से कहा कि तुम ऑनलाइन ऐप में पैसा लगाकर खेलोगे तो ज्यादा से ज्यादा फायदा होगा और बार-बार ऑनलाइन क्रिकेट मैच में पैसा लगाने के लिए कहने लगे। बहकावे में आकर उनके बताए हुए टीम का चुनाव करता था, जिस पर वे पति को पैसे भेजने बोलते थे, कुछ समय तक जीत की रकम पति के खाते में दिए, बाद में तुम हार गए हो कहकर पैसा रख लेते थे। उक्त व्यक्ति पति को प्रलोभित कर ऑनलाईन क्रिकेट ऐप में सट्टा खिलाते रहे। पति ने उन लोगों को देने के लिए फोन पे बिसनेस लोन, क्रेडिट कार्ड (एचडीएफसी बैंक) व पर्सनल लोन के माध्यम से करीब 8.70 लाख का लोन लिए। फिर 09 जुलाई 2024 से 19 अगस्त 2025 तक करीब 15 लाख रुपए नकदी एवं फोन पे के माध्यम से आदिल खान व सददाम हुसैन उर्फ मोनू को उनके फोन पे नंबर के माध्यम से क्रिकेट ऐप में पैसा लगाने दिए। रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध धारा 7 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
