बिजली बिल हाफ मामले में सरकार जनता को ठग रही : रश्मि
महासमुंद। कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा है कि बिजली बिल हाफ मामले में सरकार जनता को ठग रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 400 यूनिट तक बिजली के दाम आधा किया था, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। विरोध के बाद भाजपा सरकार ने 200 यूनिट तक बिजली के दाम में छूट की घोषणा की। यह सरकार जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मात्र 200 यूनिट तक बिजली बिल में 50 प्रतिशत छूट का लाभ केवल 1 ही वर्ष के लिए किया गया है। कांग्रेस की सरकार ने जब हॉफ योजना लागू की थी, तब ऐसी कोई शर्त नहीं थी। भाजपा सरकार का दावा है कि इससे 6 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। जबकि प्रदेश में कुल घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 65 लाख से ज्यादा है। सरकार की मुनाफाखोरी की भूख और आर्थिक नाकामी के चलते महंगी बिजली बिल जनसमस्या बन चुकी है, हर वर्ग इससे परेशान है। डॉ. रश्मि ने कहा कि भाजपा सरकार की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना पर आम विद्युत उपभोक्ताओं को भरोसा नहीं है, पहले जो उपभोक्ता सरकार के झांसे में आकर सोलर सिस्टम लगवाएं हैं, उनके घर में भारी भरकम बिजली बिल आ रहा है। भाजपा सरकार जनता का पैसा झूठे विज्ञापनों में फूंक रही है। बढ़े हुए बिजली बिल के कारण पूरे प्रदेश में आक्रोश और निराशा है उसके बाद भी यह सरकार बिजली के दामों में लूट जारी रखी हुई है। सोलर सिस्टम लगाने के बाद भी बिजली बिल आ रहा है। सोलर सिस्टम लगाने वाले उपभोक्ता कलेक्टर जनदर्शन पहुंचकर अपनी पीड़ा बता रहे हैं।
