एसआईआर: बीएलओ के साथ घर-घर पहुंच रहीं जपं उपाध्यक्ष

महासमुंद। जनपद उपाध्यक्ष हुलसी जितेंद्र चंद्राकर बीएलओ के साथ घर-घर पहुंच रही हैं, ताकि बचे हुए मतदाताओं को प्रेरित किया जा सके। जनपद क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को जनपद उपाध्यक्ष हुलसी की सक्रिय भागीदारी से एक नई दिशा मिली है। वंचित (पेंडिंग) मतदाता फॉर्मों को सीमित समय-सीमा में जमा कराने के लिए हुलसी ने स्वयं व्यक्तिगत संपर्क की रणनीति अपनाई है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से न चूके। इस दौरान, वह नागरिकों को एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य याद दिलाते हुए चुनाव आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान का समर्थन करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
बेलसोंडा में 1,284 फॉर्म ऑनलाइन होना शेष
जनपद उपाध्यक्ष का विशेष ध्यान ग्राम पंचायत बेलसोंडा पर केंद्रित है, जहां चार बूथों पर फॉर्म ऑनलाइन करने की प्रगति धीमी है। कुल 3,182 मतदाताओं वाले इन चार बूथों में से अब तक केवल 1,898 फॉर्म ही ऑनलाइन किए जा सके हैं। अभी भी 1,284 फॉर्म ऑनलाइन होने बाकी हैं, जिन पर अब विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बूथ 133 में सर्वाधिक 465 फॉर्म लंबित हैं, जहाँ 963 मतदाताओं में से 498 फॉर्म ऑनलाइन हुए हैं। बूथ 132 में 577 मतदाताओं के मुकाबले 308 फॉर्म ऑनलाइन हुए हैं, जिससे 269 फॉर्म लंबित हैं। बूथ 135 में 924 मतदाताओं में से 332 फॉर्म अभी भी बाकी हैं। बूथ 134 में 718 मतदाताओं में से 500 फॉर्म ऑनलाइन हो चुके हैं, जिसके साथ 218 फॉर्म शेष हैं। उन्होने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही इस अभियान को सफलता मिलेगी और मतदाता सूची को जल्द ही अंतिम रूप दिया जा सकेगा।