बिहान मिशन के तहत उद्यमिता को बढ़ावा, वन स्टॉप फैसिलिटी सेंटर के लिए प्रशिक्षण
बलरामपुर 29 नवम्बर 2025। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत स्टार्ट अप/स्वरोजगार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु वन स्टाप फैसिलिटी सेन्टर परियोजना के संबंध में प्रबंधन समिति, बिजनेस डेवलपमेंट सपोर्ट प्रोवाइडर एवं परियोजना स्टाफ की भूमिकाओं की स्पष्ट समझ विकसित करने के लिए पाँच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया है। प्रशिक्षण सीएमटीसी बलरामपुर में 28 नवम्बर 2025 से प्रारंभ हुआ है जिसका उद्देश्य वन स्टाफ फैसिलिटी सेन्टर परियोजना की संकल्पना, उद्देश्य, क्रियान्वयन ढांचा तथा विभिन्न घटकों की विस्तृत जानकारी देना,प्रबंधन समिति, सपोर्ट प्रोवाइडर और फील्ड/प्रोजेक्ट स्टाफ के बीच समन्वय, दायित्वों की स्पष्टता तथा परिणाम उन्मुख कार्यप्रणाली विकसित करना, प्रशिक्षुओं को ग्रामीण उद्यमिता, बाजार समझ, वित्तीय प्रबंधन तथा आजीविका विविधीकरण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को कक्षा आधारित सत्रों, समूह चर्चा, केस स्टडी, प्रेजेंटेशन तथा फील्ड अनुभव साझा करने के माध्यम से वन स्टाफ फैसिलिटी सेन्टर मॉडल की बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है। सत्रों में स्व सहायता समूहों व उनके संघों के माध्यम से उद्यम स्थापना, पूँजी प्रबंधन, विपणन रणनीति, ब्रांडिंग, गुणवत्ता मानक तथा डिजिटल भुगतान/लेखा प्रबंधन जैसे विषय शामिल है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की संभावनाओं के अनुरूप कम से कम एक उद्यम स्थापना का प्रारंभिक प्रस्ताव (बिज़नेस प्लान) तैयार करें। इन प्रस्तावों में अनुमानित लागत, संभावित आय, बाज़ार विश्लेषण, जोखिम प्रबंधन, आवश्यक प्रशिक्षण/तकनीकी सहयोग तथा बैंक ऋण/वित्तीय स्रोतों का विवरण शामिल किया जाएगा, ताकि आगे इन्हें अनुमोदन व वित्तीय सहयोग से जोड़ा जा सके। इससे वन स्टाफ फैसिलिटी सेंटर, प्रबंधन समिति, सर्विस प्रोवाइडर एवं स्टाफ की भूमिका, जिम्मेदारियों और रिपोर्टिंग व्यवस्था पर स्पष्टता बढ़ेगी, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। प्रशिक्षित कार्मिक अपने विकासखंडों व क्लस्टरों में ग्रामीण उद्यमिता को सशक्त रूप से आगे बढ़ा सकेंगे तथा अधिक संख्या में महिलायें लाभान्वित होकर सफल उद्यमी बनेंगी।
