प्रभारी सचिव ने नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण
गरियाबंद, 28 नवम्बर 2025। प्रभारी सचिव श्रीमती आर. संगीता ने कलेक्टर बीएस उइके की उपस्थिति में जिले में संचालित एकीकृत पुनर्वास केंद्र (नशा मुक्ति केंद्र) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों एवं उपचार व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंनेे केंद्र परिसर में उपस्थित लोगों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र के शयन कक्ष, परामर्श कक्ष एवं गतिविधि कक्ष का स्वयं अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान केंद्र का संचालन कर रही संस्था शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस दौरान श्रीमती संगीता ने केंद्र में उपचाररत एवं भर्ती व्यक्तियों के पुनर्वास को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उन्हें रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार करने के निर्देश जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर को निर्देशित किया। प्रभारी सचिव ने कहा कि उपचार के पश्चात उन्हें रोजगार से जोड़े। प्रभारी सचिव ने केंद्र में उपचरार्थ लोगों से अपील की कि वे नशा एवं अन्य नशीले पदार्थों से पूर्णतः दूर रहें। उन्होने कहा कि आपके साथ आपका परिवार जुड़ा हुआ है। आप अपने परिवार की रीढ़ हैं। आपकी सफलता ही आपके परिवार की सफलता है। नशा, नाश का कारण है नशे से दूर रहकर अपने व्यक्तिगत विकास पर ध्यान दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र में उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों, ताकि समाज में पुनः स्वस्थ और आत्मनिर्भर नागरिकों की वापसी सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
