कोरिया अमृत ब्रांड ने राज्योत्सव में बढ़ाई स्थानीय उत्पादों की चमक
कोरिया 07 नवम्बर 2025। कोरिया जिले में 2 से 4 नवम्बर तक आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव समारोह में ‘वोकल फॉर लोकल’ की अवधारणा को नई ऊर्जा मिली। जिला पंचायत कोरिया के अंतर्गत बिहान योजना से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने ‘कोरिया अमृत’ ब्रांड के उत्पादों के माध्यम से अपनी व्यवसायिक पहचान को और अधिक मजबूत किया। इस दौरान महिला समूहों के स्टॉलों पर ग्राहकों की उल्लेखनीय भीड़ रही और उत्पादों की अच्छी-खासी बिक्री हुई। राज्योत्सव में कोरिया अमृत मोदक, कोरिया अमृत आचार, मिलेट्स कैफे, गढ़ कलेवा, महिला युग एफ.पी.सी. के कृषि उत्पाद, टेराकोटा कला, बांस हस्तशिल्प तथा वंदना मसाला जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने। बिहान महिला समूहों द्वारा लगाए गए कुल छह स्टॉलों पर स्थानीय स्वाद और ग्रामीण हुनर का सुंदर संगम दिखाई दिया। रोशनी महिला समूह (मिलेट्स कैफे) 75 हजार रुपए, प्रगति महिला समूह (कोरिया अमृत आचार) 48 हजार रुपए, ज्योति महिला समूह (कोरिया अमृत मोदक) 35 हजार रुपए, वंदना महिला समूह (वंदना मसाला) 28 हजार रुपए, महिला युग एफ.पी.सी. (कृषि उत्पाद) 20 हजार रुपए, कर्मा एफ.पी.सी. (कर्मा उत्पाद) 12 हजार रुपए, के.वी.के. किसान समूह (कृषि प्रदर्शन) 5 हजार 600 रुपए, माँ वैष्णव महिला समूह (टेराकोटा) 6 हजार 200 रुपए बांस कला हस्तशिल्प (शिल्प उत्पाद) 2 हजार 690 रुपए इस तरह कुल 2 लाख 32 हजार 490 रुपए की बिक्री हुई। यह उपलब्धि निश्चित ही ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, कौशल और सामूहिक प्रयास उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। ‘कोरिया अमृत’ ब्रांड की पहचान अब जिले से आगे बढ़कर राज्य स्तर पर भी मजबूत हो रही है। जिला कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. अशुतोष चतुर्वेदी के सतत प्रयासों से बिहान से जुड़ी महिलाएँ ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। बिहान समूह की महिलाओं ने राज्योत्सव में स्टॉल आवंटन एवं सहयोग के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
