सरकार को कम धान खरीदना पड़े इसलिए देर से खरीदी कर रहीं: विनोद

महासमुंद। पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की मांग शासन से की है। उन्होंने कहा कि अर्ली वैरायटी के फसलों की कटाई शुरू हो चुकी है। कई किसानों के पास उपज रखने की व्यवस्था नहीं है। घरों, आंगन व गलियों में धान रखकर रखवाली करने विवश हैं और बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। ऐसे में किसानों को फसल की सुरक्षा को लेकर चिंतित होना पड़ रहा है। दूसरी ओर किसान फसलों को औने-पौने दाम पर दुकानों में व बिचौलियों को बेच रहे हैं। 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने पर अर्ली वैरायटी के फसलों की अच्छी कीमत किसानों को मिल सकेगी। चंद्राकर ने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि जब से राज्य बना है, तब से 1 नवंबर से ही धान खरीदी होती आ रही है। भूपेश सरकार ने भी पूरे 5 साल 1 नवंबर को ही धान खरीदी की। साय सरकार 15 दिन देर से धान खरीदी करने बात कह रही है। ताकि, कम धान खरीदना पड़े। बीते साल भी लेट लतीफी के कारण 9 हजार किसान धान बेचने से वंचित हो गए थे। इस बार भी सरकार यही प्रक्रिया अपना रही है ताकि, फिर हजारों किसान धान बेचने से वंचित हो जाएं।