इंटैक के राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वृंदावन विद्यालय रहा प्रथम

महासमुंद। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय विरासत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 12 अक्टूबर को रायपुर कंकालीपारा स्थित आनंद समाज वाचनालय के सभागार में हुई। जिसमें स्थानीय वृंदावन विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय के साथ नगर को गौरवान्वित किया है। विदित हो कि विगत 25 जुलाई को इंटैक महासमुंद अध्याय द्वारा नवकिरण अकादमी के अध्यापन कक्ष में अध्याय स्तरीय क्वीज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। जिसमें नगर स्थित 11 विद्यालयों के 110 विद्यार्थी शामिल हुए थे। वृंदावन विद्यालय के अमन यादव व नमन साहू की टीम ने पहला स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने स्थान बनाया था। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य के विभिन्न जिलों से 8 अध्यायों की टीम शामिल हुई। जिसमें इंटैक महासमुंद अध्याय की ओर से वृंदावन विद्यालय की टीम प्रथम रही। उक्त टीम दिसंबर में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होगी । राज्य स्तरीय प्रतियोगिता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पंडित रविशंकर विश्व विद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. शिवकुमार पाण्डेय, अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, राज्य संयोजक अरविन्द मिश्र ने प्रमाण-पत्र व विरासत ज्ञान संबंधी पुस्तिका प्रदान कर छात्रद्वय अमन यादव, नमन साहू व प्रभारी शिक्षक प्रवीण साहू को सम्मानित किया। प्रश्नोत्तरी का संचालन डॉ. शिवी जोशी, सूत्र संचालन डॉ. राकेश तिवारी ने किया। निर्णायक दुर्गा महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. लोकेश्वर प्रसाद सिन्हा थे।