विजयादशमी उत्सव पर आरएसएस का पथ संचलन

महासमुंद। नगर के डॉ. भीमराव अंबेडकर बस्ती में विजयादशमी उत्सव पथ संचलन का कार्यक्रम हुआ। इस अवसर पर स्थानीय आदर्श नगर भलेसर मार्ग के मैदान में बस्ती के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में दोपहर 2:30 बजे एकत्र हुए। स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया, जो मुख्य मार्ग बागबाहरा रोड, बरोंडा चौक, शास्त्री चौक, सतबहनियां चौक, गांधी चौक, राम मंदिर के पीछे धोबी कुआं, शिव चौक, दुर्गा चौक, बजरंग चौक, विशाल मेगा मार्ट, मलेरिया ऑफिस होते हुए होते हुए सायं 4 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचा, जहां सभा हुई।
बौद्धिक कार्यक्रम में मंचस्थ कार्यक्रम के अध्यक्ष गायत्री शक्तिपीठ महासमुंद के ट्रस्टी ललित कुमार मेश्राम, मुख्यवक्ता कुटुंब प्रबोधन प्रांत सह संयोजक गिरीश उपासने, नगर कार्यवाह राजेश डड़सेना उपस्थित थे। अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ निरंतर 100 वर्षों से समाज के बीच में कार्य कर रहा है, जो कि दुनिया की सबसे बड़ा सामाजिक संगठन है, जिसकी अनेक शाखाएं आज विश्व में काम कर रही है। समाज को जाग्रत करने की प्रेरणा दे रही है, ऐसा विरला ही कोई संगठन 100 वर्ष तक कार्य करें, यह अपने आप में अनूठा उदाहरण है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता गिरीश उपासने ने कहा कि संघ की स्थापना आज से 100 वर्ष पूर्व 1925 में विजयादशमी के दिन नागपुर में हुआ था, उस समय डॉक्टर हेडगेवार ने कुछ युवाओं को लेकर के खेल-खेल में यह कार्य प्रारंभ किया था, तब लोग उनका उपहास उड़ाते थे कि जब व्यक्ति बीमार होता तो उसे डॉक्टर पास ले जाया जाता है, लेकिन जब डॉक्टर बीमार होते तो उसे कहां लेकर जाएंगे? इस पर डॉक्टर ने कहा कि हिंदू समाज सोया हुआ है, सुषुप्त अवस्था में है, इसे जगाने का प्रयास करने के लिए मैं यह सब कर रहा हूं तो लोग हंसते थे, बोलते थे बच्चों को साथ लेकर समाज कैसे जगाओगे? धीरे-धीरे योग संघ में आते गए और कारवां बढ़ता गया। इसी कड़ी में जब एक बहुत बड़ी श्रृंखला खड़ी हो गई और संगठन ने शक्ति प्राप्त कर ली, उस समय नागपुर में मुगलों का आतंक था। उपासने ने कहा कि यह शताब्दी वर्ष में पांच परिवर्तन संघ लेकर आया है जो कि पांच प्रकार के समाज की विभिन्न कारक है पहला समरसता, दूसरा कुटुंब प्रबोधन, तीसरा पर्यावरण, चौथा नागरिक कर्तव्य बोध एवं पांचवा है स्वदेशी। इस पांचों परिवर्तन को अपने जीवन में लागू करना है। उन्होंने वर्ष पर चलने वाले कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। आभार प्रदर्शन बस्ती प्रमुख संजय यादव ने किया। तत्पश्चात सभी आगंतुकों अतिथियों को भेंट स्वरूप पौधा वितरण किया गया।