जन कल्याण सेवा समिति ने श्रमदान कर भरे सड़क के गड्ढे

महासमुंद। ग्राम साराडीह की जय महामाया शीतला जन कल्याण सेवा समिति ने शनिवार को साराडीह-बरोंडा मार्ग पर बजरी गिट्टी भरकर गढ्ढे को बराबर किया। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश होने से सड़क में तीन किलोमीटर तक जगह-जगह गढ्ढों में पानी भर जाता है। राहगीर इसी गड्ढे में हादसे का शिकार होते थे। यह मार्ग साराडीह, बरोंडाबाजार, मचेवा, बम्हनी, चिंगरौद, लाफिन, परसट्टी गांव को जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन छोटी-बड़ी गाड़ियां गुजरती हैं। इसी मार्ग से कॉलेज के लिए सैकड़ों विद्यार्थियों का आवागमन होता है। सड़क का निर्माण लगभग दस वर्ष पहले हुआ है, लेकिन देखरेख के अभाव में अब यह पूरी तरह जर्जर हो चुकी थी।
आएदिन दुर्घटना का शिकार हो रहे थे। जिसे ध्यान में रखते हुए मार्ग के मरम्मत करने की ठानी और जन कल्याण सेवा समिति के आह्वान पर निरंतर चार घंटे से अधिक समय तक श्रमदान कर मार्ग को समतल किया। समिति के अध्यक्ष महेंद्र चंद्राकर ने बताया कि नवरात्र पर्व पर माता की सेवा व राहगीरों के आवागमन के लिए बेहतर बनाने के लिए यह प्रयास जारी रहेगा। श्रमदान में जय महामाया शीतला जन कल्याण सेवा समिति के महेंद्र चंद्राकर, लोमेश चंद्राकर, विपिन चंद्राकर, मोनू चंद्राकर, होरीलाल साहू, राजेश साहू, कमल साहू, देवेंद्र साहू, पूरन रात्रे, पंकज कुर्रे, जीवन निर्मलकर, धर्मेंद्र बघेल, देव प्रसाद, भारत धीवर, संतोष साहू, भोला साहू, हिवराज कुर्रे, नीरज धीवर, दद्दू विश्वकर्मा, दीपक साहू, सूरज गायकवाड़ आदि का योगदान रहा।