शराब के नशे में की गई मारपीट, अपराध दर्ज
महासमुंद। बसना पुलिस ने मारपीट के मामले में चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस को पवन सोनवानी ने बताया कि 15 सितंबर की रात करीब 11 बजे उसने घर की छत से देखा कि जूना तालाब के सरकारी शौचालय के पास कुछ लोग गाली गलौज कर रहे हैं। वहां जाकर देखा तो पता चला कि दिनेश, भूषण, सुभाष, दीपक और अन्य लोग नशे में थे और गाली-गलौज कर रहे थे। जिन्हें उसने मना किया, लेकिन वे लोग नहीं माने। जब वह पारा की ओर से घूमकर अपने घर वापस जा रहा था तभी पीछे से बाइक में दिनेश, भूषण, सुभाष, दीपक आए और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
