अंतर्राष्ट्रीय ओपन कराते चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने 16 गोल्ड और 5 सिल्वर मैडल जीते
महासमुंद। एशियन सितो-रियो स्पोर्ट कराते डू एसोसिएशन के तत्वावधान में मुंबई अंधेरी में 12 से 14 सितंबर तक 8वां अंतर्राष्ट्रीय ओपन कराते चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस स्पर्धा में टीम इंडिया में महासमुंद जिले के कुल 27 खिलाड़ी शामिल हुए। जिले के खिलाड़ियों ने कुल 16 गोल्ड और 5 सिल्वर व 1 ब्रांज मैडल जीते। टीम इंडिया में शामिल खिलाड़ियों का मुकाबला जापान, थाईलैंड, मलेशिया, इटली, भुटान, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसे विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ हुआ। इंडियन कराते टीम से महासमुंद जिले से मास्टर नीलकंठ साहू का जबरदस्त मुकाबला सीनियर ग्रेड फाइट में जापान, थाईलैंड और भूटान के खिलाड़ियों से हुआ। मास्टर नीलकंठ साहू और नीलकंठ पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता वर्ल्ड कराते फेडरेशन के मानक मापदंडों पर हुई जो कि काफी रोमांचक और चुनौतीपूर्ण रहा। खिलाड़ियों ने जोरदार मुकाबला करते हुए टीम इंडिया को 16 गोल्ड और 5 सिल्वर व 1 ब्रांज मैडल प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों का चयन ग्लोबल कप और श्रीलंका में होने वाले इंटरनेशनल कराते प्रतियोगिता के लिए किया गया।
8 खिलाड़ियों को बेस्ट टीम अवॉर्ड भी
इस चैंपियनशिप में सरायपाली से शिहान भोजराज साहू कोच, त्रिलोचन पटेल के मार्गदर्शन में भारत का नेतृत्व करते हुए 8 खिलाड़ियों ने मैडल और बेस्ट टीम अवार्ड भी अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में त्रिलोचन पटेल ने गोल्ड मैडल, दिनेश चौधरी गोल्ड मैडल, महिला वर्ग में मुस्कान अजय गोल्ड मैडल, टीकू भाई रतिया गोल्ड मैडल, साधना साहू सिल्वर मैडल, हेमलता साहू सिल्वर मैडल, लता साहू ब्रांज मैडल और सारंगढ़ से शिव सारथी ने गोल्ड मैडल जीता।
