स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

महासमुंद। सेवा पखवाड़ा अंतर्गत महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत की गई है। यह अभियान जिले में 2 अक्टूबर तक लगातार संचालित होगा। इसी क्रम में जिले के आदि योगी केंद्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचे तथा उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का नि:शुल्क लाभ लिया।
विकासखंड बागबाहरा अंतर्गत बुंदेली, बसना अंतर्गत बिलखंड, पिथौरा अंतर्गत मुढ़ीपार एवं सरायपाली अंतर्गत खैरमाल आदि योगी केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में मुख्य रूप से महिलाओं का ब्लड प्रेशर, डायबिटीज एवं कैंसर की जांच, खून की कमी (एनीमिया), टीबी एवं सिकलसेल की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। बच्चों को भी टीकाकरण सेवाएं प्रदान की गईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।