बागबाहरा शहर के बीच से गुजरी नेशनल हाईवे जर्जर
मरम्मत के अभाव में उखड़ने लगी सड़क
महासमुंद। नदी मोड़ से ओडिशा को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे 353 की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। अरसे से मेंटेनेंस न होने से पचेड़ा से खोपली पड़ाव तक सड़क उखड़ने लगी है। खासकर, बागबाहरा शहर के बीच से गुजरी नेशनल हाईवे 4 किलोमीटर का हिस्सा बेहद जर्जर हो चुका है। इस रोड पर ही स्कूल, आफिस, बैंक, व्यवसाय होने से भीड़ रहती है, पर सड़क पर अनगिनत गढ्ढे हो जाने से बागबाहरा नगरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि महासमुंद नदी मोड़ से बागबाहरा ओडिशा बार्डर तक राष्ट्रीय राजमार्ग- 353 पर जिला मुख्यालय सहित बागबाहरा शहर बसा है। इस मार्ग का 2018 में चौड़ीकरण हुआ था। तब से आज तक कोई बड़े पैमाने पर कोई सुधार कार्य नहीं हुआ है। नदी मोड़ से ग्राम पचेड़ा तक तो मार्ग की हालत ठीक है पर उससे आगे वाहन हिचकोले खाने लगते हंै। जगह-जगह गढ्ढे, जर्जर हो रही सड़क के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। मार्ग की स्थिति बागबाहरा में दयनीय है। शहर से होकर गुजरे इस मार्ग पर नेशनल हाईवे-353 पर 4 किमी पर बागबाहरा शहर बसा हुआ है। इस 4 किलोमीटर में कई जगह गड्ढे हो गए हैं, जिसमें पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इन गड्ढों का पानी सूख जाने के बाद गिट्टी छिटक कर दुकानों में जाती है। इस प्रमुख मार्ग पर अस्पताल, शासकीय कार्यालय, एफसीआई, बैंक, स्कूल, मंदिर, गुरूद्वारा, चर्च आदि स्थित हैं। इस खराब सड़क से रोजाना हजारों नागरिक गुजरते हैं। यहां के नागरिकों का कहना है कि बरसात में सड़क में हुए गड्ढों में पानी भर जाने से आएदिन दुर्घटना हो रही है वहीं गर्मियों में धूल से राहगीर और दुकानदार परेशान हो रहे हैं।
नेशनल हाईवे 353 में 0 से 66 किलोमीटर तक मेंटेनेंस काम का टेंडर लगा हुआ है। जैसे ही इसकी औपचारिकता पूरी होगी मेंटेनेंस का काम शुरू हो जाएगा।
कोकिला घोड़ेसवार
उप अभियंता, नेशनल हाईवे महासमुंद
