कलेक्टर के निर्देश, करणी कृपा प्लांट की जमीन नापे जाएंगे

महासमुंद। करणी कृपा प्लांट प्रबंधन की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। मंगलवार को कलेक्टर ने संयंत्र परिसर की जमीन की एक-एक इंच का नाप करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े स्थानीय किसान लगातार ये आरोप लगाते आ रहे हैं कि, उद्योग की आड़ में करणी कृपा संयंत्र प्रबंधन ने आसपास की कृषि भूमि पर भी बड़े पैमाने पर कब्जा किया हुआ है। शासकीय भूमि, नेशनल हाइवे की भूमि, आदिवासी भूमि, सिंचाई विभाग की भूमि, काबिल कास्त भूमि, वन भूमि व किसानों की भूमि पर भी कब्जा किया गया है। इस विषय में किसान लगातार न्याय की गुहार लगाते आ रहे हैं। इसी कड़ी में किसानों ने मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में पुन: अपनी पीड़ा बताई। मौके पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने एसडीएम व नायब तहसीलदार तुमगांव को निर्देशित करते हुए कहा कि संयंत्र परिसर में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए। परिसर के भीतर कथित विवादित एक-एक इंच जमीन की नाप की जाए। इस बारे में जिले के संगठन प्रभारी अशोक कश्यप ने बताया है कि कलेक्टर ने पुलिस बल के साथ नापजोख करने के लिए कहा है।