पालिका दफ्तर में नागरिकों से संवाद कर अध्यक्ष साहू ने सुनी समस्याएं

महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने आज मंगलवार को पालिका दफ्तर में विभिन्न वार्डों के नागरिकों के साथ सौजन्य मुलाकात कर उनसे संवाद किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। नागरिकों ने जलजमाव, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण, कूड़ा प्रबंधन और पेयजल हेतु पाइप लाइन जैसी समस्याओं को उठाया। नपाध्यक्ष श्री साहू ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया। अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला कर्तव्य जनता की बात सुनना और उस पर शीघ्र कार्य करना है। उन्होंने मौके पर ही नगर पालिका के अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रभारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं की त्वरित जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में जल जमाव जैसी स्थिति है, वहां तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी समाधान की कार्य योजना बनाने को कहा। पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने स्पष्ट किया कि जनहित के हर मुद्दे पर पारदर्शिता और तत्परता उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पालिका क्षेत्र के नागरिक किसी प्रकार की समस्या पर उनसे पालिका दफ्तर आकर समस्या बता सकते हैं। आम जनों से संवाद होने से शहर वासियों का आवश्यक सुझाव मिलता है। साथ ही शासकीय योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंच सके इसके लिए भी हम प्रयासरत हैं। पालिका दफ्तर पहुंचे नागरिकों ने अध्यक्ष की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में नगर पालिका क्षेत्र निरंतर प्रगति करेगा। पालिका अध्यक्ष द्वारा आमजनों से किए जा रहे आत्मीय मुलाकात व संवाद जनप्रतिनिधि और नागरिकों के बीच विश्वास और भरोसे की मजबूत नींव भी बन रही है।