शासकीय कृषि अधिकारी संघ का आंदोलन जारी
आज भी काली पट्टी लगाकर किया काम
महासमुंद। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध सांकेतिक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने आज भी काली पट्टी लगाकर काम किया।
जानकारी के अनुसार संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों व सदस्यों ने सर्वसम्मति से नौ सूत्रीय लंबित मांगों की पूर्ति के लिए चरणबद्ध सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया था। जिसके तहत 8-9 सितंबर को काली पट्टी लगाकर कार्य किया। 15 सितंबर को जिले के समस्त विकासखंड व जिला स्तर पर तहसीलदार, एसडीएम एवं कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। उक्त तिथि में बिना संसाधन भत्ता के ऑनलाइन कार्य नहीं किया जाएगा। संघ द्वारा जारी ज्ञापन के अनुसार 23 सितंबर को एक दिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन और रैली निकाल कर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। 9 सूत्रीय लंबित मांगों में वेतनमान संशोधन 43 सौ ग्रेड पे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारी के कार्यक्षेत्र का पुनर्निर्धारण, मासिक स्थाई भत्ता में वृद्धि कर 2500 रुपए करने, सभी ऑनलाइन विभागीय कार्य सम्पादन के लिए मोबाइल इंटरनेट, लैपटॉप, स्टेशनरी इत्यादि के लिए संसाधन भत्ता, राजस्व विभाग के तर्ज पर विभागीय अमले की कमी के कारण अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की स्थिति में सम्मानजनक अतिरिक्त क्षेत्रीय भत्ता, मध्यप्रदेश शासन की तर्ज पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पदनाम को कृषि विस्तार अधिकारी करने, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों की ड्यूटी गैरविभागीय कार्यों में न लगाने, कृषि आदान सामग्री सेवा सहकारी समितियों में भंडारण करने, डीबीटी प्रणाली लागू करने, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से कृषि विकास अधिकारी के पद में विगत कई वर्षों से लंबित पदोन्नति शामिल है।
