डौण्डी में 9 से चार दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन

बालोद, 08 सितंबर 2025/ आदि कर्मयोगी अभियान रेस्पोंसिव गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत जनपद पंचायत डौण्डी के सभाकक्ष में मंगलवार 09 से शुक्रवार 12 सितंबर तक चार दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस कार्यशाला के माध्यम से आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत डौण्डी विकासखण्ड के कुल 66 गांवों में जनजातीय समाज के लोगों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए चयनित मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डीडी मण्डले ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान आदिवासी बहुल डौण्डी विकासखण्ड के चयनित 66 गांवों में आदिवासी विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रत्येक गांवों से 20 वालंटियर्स का चयन किया गया है। इन वालंटियर्स में से 05 वालंटियर्स को मास्टर ट्रेनर्स बनाया गया है। ये सभी चयनित मास्टर ट्रेनर्स जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला में चयनित गांवों में जनजातीय गांवों में कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के बारिकियों की जानकारी प्राप्त करेंगे। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मण्डले ने बताया कि चयनित गांव के आदिवासी परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की लाभ की जानकारी प्रदान करने हेतु ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भवन का भी चयन कर लिया गया है।