सड़ी गली सब्जी फेंके जा रहें हैं नालियों में, बदबू से व्यवसायी और ग्राहक परेशान
बार-बार समझाईश के बावजूद नहीं मानते व्यापारी
महासमुंद। सब्जी बाजार के व्यावसायियों पर नगर पालिका की चेतावनी का कोई असर नहीं हो रहा है। खराब सब्जियां बाजार परिसर के खाली स्थानों व नालियों में फेंकी जा रही है, जिसकी गंदगी और बदबू से खुद सब्जी व्यवसायी व ग्राहक परेशान होते हैं।
बता दें कि स्थानीय बिन्नी बाई सब्जी बाजार में स्थानीय किसानों सहित बाहर से कई टन सब्जी रोज आती है। बाजार में दर्जनों थोक और चिल्हर व्यवसायी के अलावा कई छोटे व्यवसायी हैं जो पसरा लगाकर जीवन यापन करते हैं। लेकिन व्यवसायी साफ-सफाई का जरा भी ध्यान नहीं रखते। पूर्व में नगर पालिका ने वाहनों के माध्यम से कचरा फेंकने की समझाइश भी दी थी। सीएमओ ने चेतावनी भी दी थी। लेकिन व्यावसायियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है।
नगर पालिका कर्मचारियों ने महामाया मंदिर मार्ग की नालियों की सफाई की। इस दौरान पर जगह-जगह सब्जियों के कैरेट को नालियों से बाहर निकाला गया। सड़े गले टमाटर से नाली का पानी जाम हो गया है, जिसकी सफाई नहीं हो रही है।
सब्जी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष संतोष चंद्राकर ने कहा कि बाजार में हर रोज हजारों टन सब्जी पहुंचती है, जिससे कचरा होता है। पालिका द्वारा पहले तीन टाईम बाजार में सफाई कराई जाती थी। लेकिन वर्तमान में दो हफ्ते में एक बार सफाई हो रही है वह भी आधी-अधूरी। सभी व्यवसायियों से कचरा गाड़ी में कचरा फेंकने कहा गया है और लोग फेंकते भी है। सभी व्यवसायी बाजार को साफ रखने में अपनी भूमिका निभाते है पर गांव से आने वाले दुकानदार जगह-जगह कचरा छोड़ देते हैं। नियमित सफाई के अभाव, पानी गिरने पर बाजार, बस स्टेंड सहित आसपास के अन्य जगहों का कचरा नालियों में जाता है जिससे नालियां जाम हो रही है। पालिका को चाहिए कि सब्जी बाजार के लिए अलग से टीम बनाकर नियमित सफाई करानी चाहिए। नगर पालिका के सफाई प्रभारी दिलीप चंद्राकर ने बताया कि सब्जी बाजार में नियमित सफाई होती है जिसके लिए एक अलग से टीम गठित है। व्यवसायी डस्टबिन में कचरा न फेंककर नाली व खाली स्थानों में फेंकते हैं जिससे गंदगी पसरी रहती है। उन्हें बार-बार समझाईश दी गई है बावजूद वे नहीं मानते।
