करूभात खाकर निर्जला व्रत रखेंगी सुहागिनें आज
महासमुंद। भाद्रपद शुक्ल तृतीया को मनाया जाने वाला पर्व हरतालिका तीज कल मंगलवार को मनाया जाएगा। सुहागिनें आज करूभात खाकर निर्जला व्रत रखेंगी और मंगलवार की रात भगवान शिव की पूजा -अर्चना कर पति की लंबी उम्र व सुख समृद्धि की कामना कर बुधवार को पारण करने के बाद ही अन्न जल ग्रहण करेंगी। पर्व को लेकर तिजहारियों में गजब का उत्साह है। बाजार में जमकर खरीदी हो रही है। वहीं पर्व को लेकर आज से महिलाओं का मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
बता दें कि हरतालिका तीज भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। यह पर्व विशेष रूप से सुहागिन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण होता है। भाद्रपद शुक्ल की तृतीया को मनाया जाने वाला यह पर्व इस बार 26 अगस्त को पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारी है। इस दिन विवाहित महिलाएँ निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी आयु, सुख- समृद्धि की कामना करते हुए भगवान शिव की अराधना करती हैं। वहीं कुंवारी कन्याएं भी अच्छे वर की प्राप्ति के लिए यह व्रत रखती हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन माता पार्वती ने कठोर तपस्या कर शिवजी को अपने जीवनसाथी के रूप में प्राप्त किया था। यही कारण है कि यह व्रत स्त्री शक्ति, श्रद्धा और अटूट प्रेम का प्रतीक बन गया है।
परंपरानुसार विवाहित महिलाएँ यह पर्व अपने मायके में मनाती हैं। जिसके चलते आज से महिलाओं का मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। बसों व ट्रेन में महिला यात्रियों की संख्या अधिक है। कपड़ा , सौंदर्य प्रसाधन व आभूषण दुकानों में जमकर खरीदी हो रही है ।
