एन एच एम महिला कर्मचारियों ने हाथों में मांगों की रचाई मेंहदी
10 सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल जारी
महासमुंद। संविदा आधार पर कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने आज 8वें दिन भी लोहिया चौक में धरना जारी रखा। महिलाओं ने हाथों में मांगों की मेंहदी लगाई और गुब्बारे छोड़े। एनएचएम कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल से जिले के सरकारी अस्पतालों में कई सेवाएं बाधित हो रही है जो परेशानी का सबब बन रही है। बता दें कि एनएचएम कर्मचारी संविलियन व स्थायीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे निर्धारण, कार्य मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता, लंबित 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि, नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण, अनुकंपा नियुक्ति, मेडिकल एवं अन्य अवकाश सुविधा, स्थानांतरण नीति, 10 लाख तक कैशलेस चिकित्सा बीमा की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने 15 अगस्त तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, बाद उन्होंने हड़ताल पर जाने का फैसला किया। अनिश्चितकालीन हड़ताल के आज सातवें दिन एनएचएम कर्मचारी संघ ने सरकार से तत्काल संवाद स्थापित करने और उनकी जायज मांगों पर निर्णय लेने का आग्रह किया है। पिछले सात दिनों से एनएचएम कर्मचारी अनोखा प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान विरोध स्वरूप कुछ कर्मचारियों ने मुंडन कराया, मंत्रियों का मुखौटा लगाकर प्रदर्शन किया व संविदा प्रथा का पुतला दहन किया । आज महिला कर्मचारियों ने अपनी दस सूत्रीय मांगें हाथों में मेंहदी से लिखा और कांग्रेस चौक पर गुब्बारे छोड़े। मालूम हो कि जिले में लगभग 550 एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ना शुरू हो गया है। हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी, टीकाकरण, और नवजात देखभाल इकाईयां व राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। खासकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में जहां पहले से ही स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं, वहां संकट और गहरा सकता है।
