रिटायर्ड सैनिकों की कलाईयों पर जंप उपाध्यक्ष ने सजाई राखी

महासमुंद। जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने रक्षाबंधन पर भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर देश के प्रति उनके असीम समर्पण को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे वीरों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधना उनके लिए गौरव का क्षण है और वह इस पल की साक्षी बनकर खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों के देश प्रेम और बलिदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। हमारे देश के वीर सपूतों ने देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। वे 47 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी हो या बरसात दिन-रात सीमा पर डटे रहकर हमारी और हमारी बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनकी जागती हुई आँखों के कारण ही हम सब निश्चिंत होकर सो पाते हैं। जनपद उपाध्यक्ष ने अखिल भारती पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला महासमुंद के अध्यक्ष युवराज सिंह चंद्राकर, सचिव केएल सोनी, प्रदीप कुमार चंद्राकर, रविंदर नायक, सहदेव राम की कलाई पर रक्षासूत्र बांध कर सम्मान किया। श्रीमती चंद्राकर ने नांदगांव निवासी पूर्व सैनिक नारायण चंद्राकर के निज निवास में जाकर उन्हें रक्षासूत्र बांधकर सम्मान किया। इस अवसर पर खरोरा के भूतपूर्व सरपंच श्रीमती सुनीता चंद्राकर, जितेन्द्र चंद्राकर, गुंजा चंद्राकर उपस्थित रहे।