शिकार के लिए बिछाए तार की चपेट में आने जंगली सुअर की मौत
महासमुंद। बसना ब्लॉक के ग्राम पड़कीपाली के वन विकास निगम की आरक्षित भूमि पर बड़े लोरम के मध्य स्थित जंगल के कक्ष क्रमांक 579 में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली तार के चपेट में आने से एक जंगली सूअर की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह सुरक्षा श्रमिकों ने जंगली सूअर की तड़पते हुए चिल्लाने की आवाज सुनी। तलाश करने पर पता चला कि किसी व्यक्ति ने ट्रांसफार्मर से कक्ष क्रमांक 579 पड़कीपाली छोटेलोरम, बड़े लोरम के बीच स्थित जंगल तक बिछाए बिजली तार के चपेट में जंगली सूअर आ गया। वन विकास की टीम ने जब गांव में पूछताछ शुरू की तो पता चला कि ग्राम पड़कीपाली निवासी बोधराम यादव (42) ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए रात में ट्रांसफार्मर से बिजली तार जंगल तक फैलाया है। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वन विकास की टीम घटना स्थल से बिजली का तार जब्त कर जंगली सूअर के शव को पीएम के लिए भेजकर घटना की विवेचना में जुटी है।
