खेती-किसानी में आई तेजी, बारिश के बाद रोपाई करने में जुटे किसान

गर्मी और उमस भरा हुआ मौसम
महासमुंद। बारिश के बाद बादलों की लुकाछिपी के बीच खेती किसानी का काम जोर पकड़ने लगा है। किसानों खेतों में रोपाई के काम में जुट गए हैं। एक जुलाई से 10 जुलाई तक जिले में 186 मिमी औसत बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन पिछले चार दिनों से आसमान में बादल छाए रहते तो है लेकिन धूप निकलने से एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ गई है जिसका लोगों की सेहत पर भी असर पड़ने लगा है।
जिले में अब तक 346.4 मिमी औसत बारिश हुई है। जिसमें से अधिकांश बारिश 10 जुलाई से पहले हुई है। इसके बाद से बारिश थम सा गया है। पिछले शनिवार व रविवार को जिले में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई। रविवार और सोमवार शाम हुई बारिश ने थोड़ी देर के लिए भले ही गर्मी और उमस से लोगों को राहत दी, लेकिन मंगलवार सुबह से तेज धूप ने तापमान बढ़ा दी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में एक जून से 10 जुलाई के बीच 316.2 मिमी औसत बारिश हुई । जिसमें से अधिकांश बारिश 1 से 10 जुलाई के बीच रिकॉर्ड की गई। 10 जुलाई के बाद आज तक केवल 30.2 मिमी औसत बारिश हुई है। शुक्रवार के बाद सोमवार से आज सुबह तक जिलेभर में मामूली बारिश हुई । जिसमें बसना तहसील में सबसे अधिक 21.6 मिमी, सरायपाली में 19.8 मिमी, पिथौरा में 16.1 मिमी, महासमुंद में 5.1, कोमाखान में 2.5 और बागबाहरा में सबसे कम 1.5 मिमी कुल 11.1 औसत बारिश हुई । एक जून के बाद से अब तक कुल 346.4 मिमी औसत बारिश दर्ज हुई है।
बारिश कम होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है जिससे गर्मी और उमस से लोग हलाकान हैं। आज दोपहर एक बजे तक जिला मुख्यालय में धूप रही और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आगामी 4-5 दिनों में अधिकतम तापमान और बढ़ने की संभावना है।