लूट के आरोपी से 30 हजार बरामद, गिरफ्तार
महासमुंद। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक सरायपाली के कर्मचारी के साथ लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूट की राशि 30 हजार रुपए बरामद किया है।
भीथीडीह पिथौरा निवासी टिकश्वर डड़सेना ने बीते 13 जून को शिकायत दर्ज कराई है कि वह सूर्योदय स्मॉल फायनेंस बैंक सरायपाली में दिसंबर 2024 से रिलेशनशिप कर्मचारी में पद पर काम कर रहा है। 12 जून को बैंक के कलेक्शन के लिये बसना क्षेत्र के ग्राम पर्रापाट, बड़ेटेमरी, डूमरपाली, छोटेपटनी, बड़ेडाभा, छोटेडाभा, बंसुला समूह की राशि वसूल करने गया था और करीब 46 हजार 300 रुपए वसूल कर बैग में रखा। उसी बैग में एक मोबाइल तथा सूर्योदय स्मॉल कंपनी की रसीद बुक, पर्स जिसमें आधार कार्ड, पेन कार्ड, एटीएम, आरसीबुक रखकर बाइक से सरायपाली जा रहा था। शाम को एनएच 53 रोड संजय बिहारी ढाबा से पौसरा के मध्य पहुँचा था तभी एक बाइक चालक बैग को झपटकर ले गया। बसना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेही वार्ड-02 सोनी मोहल्ला थाना नुआपड़ा जिला नुआपडा हाल ग्राम नंदपुर थाना नुआपड़ा जिला नुआपड़ा (ओड़िशा) निवासी लक्ष्मीकांत सोनी (29) से पूछताछ की। उसने लूट की घटना को अंजाम देना बताया। टीम ने आरोपी के कब्जे से लूट की राशि 48 हजार 300 में से 30 हजार रुपए जब्त किया है। आरोपी को बीएनएस की धारा 304 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
