सिटी डेवलमेंट प्लान के तहत बनाई जाएगी कार्ययोजना का पत्र पार्षदों को नहीं मिला: देवीचंद
महासमुंद। नगर पालिका के उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने बताया कि शासन द्वारा नगरीय निकायों से सिटी डेवलमेंट प्लान के तहत कार्ययोजना मंगाई जा रही है। जिसके तहत महासमुंद नगर पालिका को भी क्षेत्रीय कार्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास रायपुर संभाग छग द्वारा पत्र प्राप्त हुआ है। पत्र मिलने के 15 दिन बाद भी पार्षदों को अभी तक पत्र जारी नहीं किया गया है। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे को दूरभाष पर निर्देश दिया कि सभी पार्षदों को पत्र जारी करें, जिससे वे अपने-अपने अनुसार वार्डों के विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर नगर पालिका में भेज सकें। श्री राठी ने बताया कि सीडीपी के तहत 5 वर्ष की पूरी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने सभी पार्षदों से अपील की है कि वार्ड में रोड, नाली विद्युत पोल, पाइप लाइन की आवश्यकतानुसार सभी जानकारी लिखित में जमा करना होगा। सीएमओ से कहा गया है कि इंजीनियर व कर्मचारियों से भी शहर विकास को लेकर सभी 30 वार्डों मे सर्वे कराया जाए। इस अभिनव पहल के लिए नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव, क्षेत्रीय सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का आभार जताया है।
