अनियमितता करने वाले अधिकारियों के खिलाफ फेडरेशन ने खोला मोर्चा

कलेक्टर को ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर 28 जून को सामूहिक उपवास एवं धरना
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक व समग्र शिक्षक फेडरेशन ने शिक्षा विभाग में व्यापक रूप से अनियमितता करने वाले अधिकारियों का युक्ति युक्तकरण को लेकर तीन चरणों में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। पहले चरण में आज कलेक्टर को ज्ञापन, कार्रवाई न होने पर 28 जून को सामूहिक उपवास एवं धरना । इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर 5 जुलाई को ब्लॉक कार्यकारिणी सहित शिक्षक पदयात्रा कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक व समग्र शिक्षक फेडरेशन ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल ध्रुव की अध्यक्षता में रविवार को बैठक हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि विभाग के आला अधिकारी ही शिक्षा व्यवस्था को बिगाड़ने का कार्य कर रहे हैं। जिस तरह से अफसर सरकार के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं वह गंभीर चिंता का विषय है। शासन स्तर पर ऐसे अफसरों का युक्तियुक्तकरण किया जाए ऐसे अधिकारियों पर कार्यवाही करें जो नियमों को ताक में रखकर उच्च कार्यालयों के नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में बहुत से शिक्षकों को अभी भी व्यवस्था में रखा गया है। ऐसे शिक्षकों को कार्यमुक्त करने का आदेश देने के बजाए जवाबदार अधिकारी हमारे प्रभारी शिक्षकों को मौखिक निर्देश देकर कार्यमुक्त न करने का निर्देश देते हैं। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव ईश्वर चंद्राकर ने कहा कि आज एक तरफ अफसर दावा कर रहे हैं कि जिले में कोई शिक्षक व्यवस्था में नहीं है पर विडंबना यह है कि आज भी शिक्षक व्यवस्था में कार्य कर रहे हैं। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सिराज बख्श ने कहा कि शासन की मंशा के विपरीत कार्य कर आला अफसर शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रहे हैं। युक्ति युक्तकरण गाइड लाइन को दरकिनार कर मनमाना नियम लागू कर इस प्रकिया पर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिए है।
‘उच्च न्यायालय के आदेश का खुला उल्लंघन’
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश विधिक सलाहकार बीपी मेश्राम ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी का अव्यवहारिक आदेश एनसीटीई नियम और माननीय उच्च न्यायालय के आदेश का खुला उल्लंघन है। बैठक का संचालन ब्लॉक सचिव लव निर्मलकर ने किया। बैठक में डिगेश पुरेना, सीमा यादव, निहारिका चंद्राकर, मंजू अंबिलकर, समीक्षा चंद्राकर, जितेंद्र साहू, बलराम बनवासी, हेमलता बघेल, अंजलि मधुकर, फागूलाल पटेल, होरीलाल ध्रुव, कल्पना साहू, रेखा कन्नौजे, सुनील मिश्रा, प्रेम चंद्राकर आदि मौजूद थे।