वन विभाग ने 3 लाख की खैर लकड़ी बरामद की

महासमुंद। वन विभाग ने तीन लाख की खैर लकड़ी बरामद की है। मिली जानकारी अनुसार पिथौरा वन परिक्षेत्र अधिकारी सालिकराम डड़सेना अपनी टीम के साथ नियमित गश्त पर थे। इस दौरान सांकरा परिक्षेत्र के आरबी चीप वन क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन क्रमांक सीजी 04 जेबी 7897 को रोका गया। वाहन की तलाशी में खैर प्रजाति की बहुमूल्य इमारती लकड़ी पाई गई, जिसे बिना वैध दस्तावेज परिवहन किया जा रहा था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त वाहन एवं वनोपज की कीमत लगभग तीन लाख रुपए आंकी गई है। वाहन चालक की पहचान पिथौरा निवासी राजकुमार अग्रवाल के रूप में की गई है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52(1) सहपठित धारा 20(4) एवं छत्तीसगढ़ वनोपज (अभिवहन) नियम 2001 की नियम 3 व 5 के अंतर्गत प्रकरण क्रमांक 20685/07 दर्ज कर वाहन को राजसात किए जाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक सांकरा राजकुमार साहू, परिक्षेत्र सहायक पिथौरा ललित पटेल, परिसर रक्षी दीपक कुमार जेण्ड्रे, सुदामा पालेश्वर, वनपाल दिनेश शर्मा, कोकिलकांत दिनकर, विरेन्द्र बंजारे, नरेन्द्र ध्रुव तथा सुरक्षा श्रमिक रघुमणि ताण्डी, दयानिधि दीप और प्रहलाद भोई का योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े