श्रीराम प्राथमिक व उच्च प्राथमिक शाला में मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

महासमुंद। श्री राम प्राथमिक शाला एवं उच्च प्राथमिक शाला में 16 जून को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा पहली एवं छठवीं में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। विद्यालय को रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों, रंगोली और स्वागत द्वारों से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर एवं मिठाई व शैक्षणिक सामग्री देकर अभिनंदन किया गया। माध्यमिक शाला की प्रधानपाठक श्रीमती उर्मिला मरकाम कार्यक्रम की मुख्य प्रेरणा स्रोत रहीं। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए, उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आने के लिए निरंतर प्रेरित किया।
प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक श्रीमती चमेली चंद्राकर ने भी शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला।विशिष्ट अतिथि व पालक के रूप में उपस्थित सुल्ताना दीदी, मोतिम साहू, कल्याणी यादव, दुशीला कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती कुंती देवांगन तथा प्रेमीन सांवरा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा की उपयोगिता को रेखांकित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती लक्ष्मी मानिकपुरी, लीनू चंद्राकर, गीता गोस्वामी, शांति पुरैना, किशोर देवांगन, हेमंत चक्रधारी, डिगेश पुरैना की उल्लेखनीय भूमिका रही। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

इन्हें भी पढ़े