ग्रामीण इलाकों में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
महासमुंद। जिले के पुलिस द्वारा विभिन्न ग्रामीण क्षेत्र, हाट बाजारों में साइबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस टीम के द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की जानकारी साझा की। साथ ही ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में और हाट बाजारों में लोगों को बताया कि कोई भी अनजान व्यक्ति अगर फोन करके ओटीपी पूछता है तो ओटीपी ना बताएं, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी अनजान व्यक्ति फोन करके यह कहे कि आपके नाम से एफआईआर हो गया है आपको जेल जाने से बचने के लिए आपको पैसा देना पड़ेगा, तो किसी भी प्रकार से कोई फोन पे, गूगल पे के माध्यम से पैसा ना भेजें। कोई पुलिस ऑफिसर, सीबीआई, या जज बनकर वीडियो कॉल करें तो डरें नहीं, अनजान नंबरों से वीडियो कॉल रिसीव न करें। किसी भी व्यक्ति के हाथ में अपना मोबाइल न देने की समझाइश दी गई। पुलिस ने लोगों को बताया गया कि सायबर फ्रॉड होने पर टोल फ्री नंबर 1930 एवं सायबर थाना में शिकायत करने की सलाह दी है। नशा के दुष्परिणाम एवं नशा से बचने के बारे में बताया गया। डायल 112 के महत्व को भी साझा किया गया जिसमें लगभग 3 हजार ग्रामवासी लाभान्वित हुए।
