विश्व पर्यावरण दिवस पर शहीद स्मारक में पौधारोपण

चलाया गया स्वच्छता अभियान
महासमुंद। विश्व पर्यावरण दिवस पर खरोरा स्थित शहीद स्मारक परिसर में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस वर्ष 2025 के पर्यावरण दिवस की थीम प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना निर्धारित की गई है, जो पर्यावरण संकट के समाधान की दिशा में जनजागरुकता बढ़ाने का संदेश देती है।
कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद द्वारा संचालित अग्नि वीर प्रशिक्षण केंद्र महासमुंद के प्रशिक्षणार्थियों एवं पूर्व सैनिकों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान शहीद स्मारक एवं उसके आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया, तथा धरती को हरित रखने के उद्देश्य से पौधारोपण किया गया। परिषद के अध्यक्ष युवराज चंद्राकर ने इस अवसर पर कहा कि पर्यावरण संरक्षण मानव जाति का नैतिक और अनिवार्य कर्तव्य है। प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि यह समस्त जीव-जंतुओं के जीवन चक्र को भी प्रभावित करता है। अत: हमें प्लास्टिक का बहिष्कार कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व सैनिक युवराज चंद्राकर, प्रदीप चंद्राकर, सहदेव ध्रुव, आरपी साहू, लक्ष्मीचंद धृतलहरे, कनक राम निषाद, पुरुषोत्तम डड़सेना सहित अग्नि वीर प्रशिक्षणार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।