अहिल्या बाई होल्कर की जयंती पर पालिका ने चलाया स्वच्छता अभियान
महासमुंद। अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के नेतृत्व में महामाया तालाब व मंदिर परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत तालाब में फैली जलकुंभियों को हटाकर जल प्रदूषण में कमी लाने के साथ-साथ तालाब की जैव विविधता को भी संरक्षित करने की दिशा में कदम उठाया गया। इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर में सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए एक स्वच्छ और शांत वातावरण सुनिश्चित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू भी सफाई कार्य में सहभागी बने, उनके साथ पालिका के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में वार्डवासी नागरिक शामिल हुए। नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ कार्य करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अभियान के उपरांत कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि नागरिकों में स्थायी रूप से स्वच्छता की आदत विकसित करना है। देवी अहिल्याबाई होल्कर जैसी महान विभूतियों की जयंती को सेवा से जोड़ना हमारे लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर पार्षद ईश्वरी भोई, धनेंद्र चंद्राकर, नीरज चंद्राकर, रिंकू चंद्राकर, स्वच्छता प्रभारी दिलीप चंद्राकर, स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बख्श, नीतू प्रधान, रमा महानंद, टिकेश्वरी मिरी, हेमलता शर्मा, प्रिया दुबे, मिशन मैनेजर दीपक तिवारी, ममता बग्गा, राखी ठाकुर, प्रेमशीला बघेल सहित बड़ी संख्या में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी वार्डवासी उपस्थित रहे।
