लंबित पदोन्नति की मांग को लेकर टीचर्स एसोसिएशन ने सौंपा आवेदन
महासमुंद। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने क्रमोन्नत वेतनमान देने का जनरल आदेश जारी करने व युक्तियुक्तकरण नियम में संशोधन, लंबित पदोन्नति की मांग को लेकर आवेदन सौंपा है। प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सचिव स्कूल शिक्षा विभाग व डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी, सहायक संचालक आशुतोष चावरे, सहायक संचालक अशोक नारायण बंजारा को आवेदन सौंप अपनी मांग रखी। इस दौरान रायपुर संभाग में मिडिल प्रधान पाठक व व्याख्याता के रिक्त पदों पर पदोन्नति करने चर्चा की गई। डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने सभी मांग पर सूक्ष्मतापूर्वक अवलोकन पश्चात विभागीय निर्णय लेने की बात कही। मांग की गई है कि सोना साहू के पक्ष में हुए उच्च न्यायालय के डबल बैंच के प्रकरण क्रमांक डब्ल्यू ए नं. 261 आफ 2023 के तहत क्रमोन्नत वेतनमान दिए जाने का निर्णय किया गया है। प्रदेश में कार्यरत सभी एलबी संवर्ग के लिए आदेश जारी किया जाए। न्यूनतम विद्यार्थी संख्या पर एक प्रधानपाठक व चार शिक्षक का सेटअप की मांग की गई। 2 अगस्त 2024 के युक्तियुक्तकरण नियम में न्यूनतम विद्यार्थी संख्या पर भी एक प्रधान पाठक व चार शिक्षक का सेटअप स्वीकृत करने सहित 15 बिंदुओं में मांग की गई। इस मौके पर संयोजक सुधीर प्रधान, जिलाध्यक्ष नारायण चौधरी, सचिव नंद कुमार साहू, खिलावन वर्मा, पवन साहू मौजूद थे।
