तेंदूपत्ता संग्राहण करने गयी दो महिलाओं पर जंगली सुअर ने किया हमला
महासमुंद। पिथौरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सांकरा परिवृत के माटीदरहा परिसर में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान दो महिला श्रमिकों पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। यह घटना मोहगांव की लघु वनोपज समिति के अंतर्गत ग्राम बगारदरहा से लगे कक्ष क्रमांक -290 में सुबह लगभग 6 बजे घटी। हमले में घायल महिलाओं की पहचान ग्राम बगारदरहा निवासी देवना बाई साव, वृंदावती चौहान के रूप में की गई है। हमले के बाद दोनों महिलाओं का प्राथमिक उपचार ग्राम बगारदरहा में ही एक अस्पताल में कराया गया। वन विभाग ने प्रत्येक को तात्कालिक सहायता के रूप में 5 सौ रुपए प्रदान की है।
