स्वच्छता सप्ताह के तहत मोर गांव-स्वच्छ गांव’ की थीम पर 12 से मनाया जाएगा

महासमुंद। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत 12 से 18 मई तक स्वच्छता सप्ताह ‘मोर गांव-स्वच्छ गांव’ थीम पर मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। राज्य स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के मिशन संचालक ने उक्ताशय संबंधी पत्र जिला कलेक्टर, सीईओ को जारी किया है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी प्राप्त करना, गांव के गंदे स्थानों की सफाई, गांव में निर्मित स्वच्छता परिसंपत्तियों की सफाई करते हुए क्रियाशील बनाना, स्वच्छता प्रति लोगों के व्यवहार में परिवर्तन लाना, घर-घर कचरा संग्रहण, सुशासन तिहार के दौरान व्यक्तिगत शौचालय हेतु प्राप्त मांग एवं अन्य आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही कर उसका निराकरण करना, स्वच्छता चौपाल एवं सामूहिक श्रमदान से गांव को स्वच्छ सुंदर बनाना है। सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर 12 मई को ग्राम कोटवार या चौकीदार के माध्यम से कचरा कलेक्शन एवं यूजर्स चार्ज हेतु पूरे गाँव में मुनादी करवाकर पंचायत कार्यालय की साफ-सफाई, 13 मई को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन युक्त ग्राम निर्माण हेतु, महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं के साथ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और स्वच्छाग्रही दीदियों का संवाद आंगनबाड़ी केंद्रों में, 14 मई को स्वच्छता चौपाल/मोहल्ला सभा का आयोजन किया जाएगा। 15 को स्वच्छाग्राहियों द्वारा घर-घर संपर्क कर, 16 को स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, सेग्रीगेशन शेड, सामुदायिक शौचालय, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, फिकल स्लज मैनेजमेंट यूनिट अन्य शासकीय भवन / संस्थानों के आस-पास की स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन सह निरीक्षण सरपंच, सचिव एवं स्वच्छाग्राही के माध्यम से किया जाएगा। 17 मई को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत निर्मित स्वच्छता परिसंपत्तियों का अवलोकन व निरीक्षण करते हुए उसके सफाई करना एवं उन परसंपत्तियों तक पहुंच युक्त मार्ग तैयार करना, 18 को गांव के प्रमुख स्थलों में ग्रामीणों की मदद से स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत किये जाने वाले गतिविधियों में सरपंच, सचिव, विखं समन्वयक, क्लस्टर समन्वयक, स्वच्छाग्रही, सफाई कर्मचारी की उपस्थिति अनिवार्य है।

इन्हें भी पढ़े