प्रशासनिक रिपोर्ट की धज्जियाँ उड़ाना प्रशासन के लिए शर्मनाक : चोपड़ा

महासमुंद। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा है कि सांसद रूपकुमारी चौधरी द्वारा कमिश्नर एवं कलेक्टर की उपस्थिति में आवेदनों के निराकरण संबंधी प्रशासनिक रिपोर्ट की धज्जियाँ उड़ाना प्रशासन के लिए शर्मनाक है। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि जनता के साथ किया जा रहा मजाक जनप्रतिनिधियों का अपमान है। जिले के राजस्व विभाग के मुखिया की उपस्थिति में उनके ही विभाग की धज्जियां उड़ी और वे मौन रहे। इससे लगता है कि सारा कुछ उनकी जानकारी और सहमति से हो रहा है। महासमुंद तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालय के भ्रष्टाचार के संबंध में कलेक्टर से शिकायत के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई न होना अनेक संदेहों को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि स्वयं कलेक्टर को तीन माह पूर्व जनता के कामों में आ रही कठिनाइयों की जानकारी उनके द्वारा देने के बावजूद आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। महासमुंद तहसील कार्यालय में खुलेआम चल रहे भ्रष्टाचार की जानकारी भी कलेक्टर को दी गयी। लेकिन, उसकी जांच में भी कोई प्रगति नहीं है। अभनपुर कांड के एक बड़े भू-माफिया को महासमुंद के अधिकारियों का खुला संरक्षण है। जिसके कारण वह अभनपुर के साथ-साथ महासमुंद क्षेत्र में भी करोड़ों के खेल में संलिप्त है। जिसकी भी जांच की जरूरत है। डॉ.चोपड़ा ने सांसद की साफगोई की प्रशंसा की।